पर्यटकों के लिए हिमाचल के प्रवेश द्वार खोलने को लेकर विपक्ष लगातार जयराम सरकार पर हमला बोल रहा है। इसी कड़ी में सोमवार को शिमला में राज्य सचिवालय के बाहर विरोध प्रदर्शन किया था। इसे लेकर शिमला पुलिस ने पीसीसी चीफ कुलदीप सिंह राठौर और पार्टी के दर्जनों नेताओं व कार्यकर्ताओं के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार छोटा शिमला पुलिस स्टेशन में पंजीकृत एफआईआर में 10 नेताओं को नामजद किया गया है। इसके अलावा वीडियो में सामने आने वाले कार्यकर्ताओं को भी नामजद किया जाएगा।
गौर हो कि आज दिन में शिमला शहरी कांग्रेस कमेटी ने सचिवालय के बाहर जोरदार प्रदर्शन करते हुए सरकार के खिलाफ नारेबाजी की थी। कांग्रेस के इस प्रदर्शन से छोटा शिमला में वाहनों का लंबा जाम लगने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। इस दौरान कुलदीप राठौर ने प्रदर्शनकारियों को संबोधित करते हुए सरकार पर जमकर प्रहार किए।
उन्होंने पर्यटकों के हिमाचल में प्रवेश के सरकार के निर्णय की आलोचना करते हुए कहा कि जब तक प्रदेश की सीमाओं पर कोविड -19 की जांच का आधार भूत ढांचा विकसित नहीं किया जाता, तब तक फैसले का टाला जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस प्रदेश में पर्यटन एवं अन्य व्यवसाय के विरोधी नहीं है लेकिन अभी इस माहमारी के प्रति पूरी तरह सचेत रहने की बहुत आवश्यकता है।
इस प्रदर्शन पूर्व मंत्री ठाकुर सिंह भरमौरी, शिमला शहरी के अध्यक्ष जितेंद्र चौधरी , ग्रामीण अध्यक्ष यशवंत छाजटा, हरिकृष्ण हिमराल, वेद प्रकाश ठाकुर, जैनब चंदेल, निर्मला ठाकुर, इंद्र जीत सिंह, आनंद कौशल, सुशांत कपरेट, शशि ठाकुर, सुनीता शर्मा, कृष्णा देवी, आकाश सैनी, राहुल मेहरा,धर्मपाल ठाकुर,देवन भट्ट, सहित अन्य पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद थे।